Weather Update : चंदौली जिले में बदल रहा है मौसम का मिजाज, किसानों की बढ़ेगी चिंताएं

जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल
जिले में बुधवार को मौसम ने ली करवट
आसमान में छाया रहेगा बादल
कहीं-कहीं हुई रिमझिम बारिश
गेंहू की फसल को भी हो सकता है नुकसान
चंदौली जिले में बुधवार को मौसम का मिजाज बदलता दिखायी देने लगा। बुधवार की सुबह से आसमान में बदली छायी रही। कहीं-कहीं रिमझिम बारिश भी होते देखी गई। असमय बारिश होने से सबसे ज्यादा परेशान गेहूं की कटाई कर रहे किसान हो रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो बृहस्पतिवार को भी बदली रहेगी और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

सुबह कुछ देर धूप निकलने के बाद बदली हो गई। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हुई। प्रदेश में स्ट्रांग सिस्टम एक्टिव होने से जिले के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। बुधवार को मौसम में हुए बदलाव से अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट आई। मंगलवार के 36 के स्थान पर बुधवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की बढ़त दर्ज हुई। यह 21 के स्थान पर 22 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम में हो रहे बदलाव का असर सबसे ज्यादा किसानों को झेलना पड़ रहा है। बारिश से गेहूं की तैयार फसल खेतों में ही खराब हो सकती है। गेहूं के दाने कमजोर होने के साथ काले पड़ सकते हैं। किसान बुधवार को दिनभर काटी गई फसल को सहेजने में जुटे रहे।
राज्य कृषि व मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि एक नए स्ट्रांग सिस्टम के एक्टिव होने से मौसम में बदलाव हुआ है। बृहस्पतिवार तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। शुक्रवार से मौसम के सामान्य होने की संभावना है।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*