चंदौली में महिला मत्स्य पालकों के लिए बड़ी खुशखबरी, महिलाओं को सब्सिडी पाने के लिए करना होगा 31 अगस्त तक आवेदन
मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए नई योजना शुरू
केवल महिला मत्स्य पालक होंगी पात्र लाभार्थी
सामान्य व ओबीसी महिलाओं को 50% अनुदान
अनुसूचित जाति की महिलाओं को 60% अनुदान
चंदौली जिले में महिला सशक्तिकरण और मत्स्य उत्पादन में वृद्धि के लिए मत्स्य विभाग ने विशेष योजना शुरू की है। इसके तहत महिला मत्स्य पालकों को सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम की स्थापना के लिए अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2025 तय की गई है।
कौन होंगी पात्र
आपको बता दें कि यह योजना केवल महिला मत्स्य पालकों के लिए संचालित की जा रही है। पात्रता के लिए शर्त है कि आवेदक के पास पट्टे पर लिया हुआ तालाब हो, जिसकी शेष अवधि कम से कम 5 वर्ष बची हो। साथ ही, तालाब की वर्तमान मत्स्य उत्पादकता 4 से 5 टन प्रति हेक्टेयर होनी चाहिए।
अनुदान की दरें
- सामान्य व अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की महिलाओं को 50% अनुदान मिलेगा।
- अनुसूचित जाति (SC) की महिलाओं को 60% अनुदान प्रदान किया जाएगा।
- इकाई लागत 75,000 रुपये प्रति यूनिट तय की गई है।
योजना का उद्देश्य
परियोजना का मुख्य उद्देश्य तालाबों में एयरेशन सिस्टम लगाकर मत्स्य उत्पादन में वृद्धि करना है। इसके तहत 0.50 हेक्टेयर तालाब में एक क्वाड पैडल व्हील एयरेटर और 1.00 हेक्टेयर या उससे अधिक तालाब में अधिकतम दो एयरेटर लगाए जा सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया
महिला मत्स्य पालक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन करने के बाद चयनित आवेदकों को विभाग द्वारा सत्यापन कर योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग ने बताया कि अब तक सकलडीहा के बर्थरा कला और चकिया के वरौझी गांव से दो महिलाओं ने आवेदन किया है।
पिछला अनुभव
बीते वर्ष केवल दो महिलाओं का चयन किया गया था, लेकिन उन्होंने निर्धारित समय में एयरेशन सिस्टम की स्थापना नहीं की, जिसके चलते उनका आवेदन निरस्त कर दिया गया।
विभागीय बयान
इस संबंध में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य, रामलाल निषाद ने बताया कि योजना पूरी तरह से महिला मत्स्य पालकों के लिए है। इससे उत्पादन बढ़ेगा और महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। इच्छुक आवेदक 31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन जरूर करें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








