विश्व पर्यावरण दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण, सांसद साधना सिंह व अधिकारियों ने दिया हरियाली का संदेश

राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में किया पौधारोपण
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने आम जनता से वृक्ष लगाने की अपील की
मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने भागीदारी पर दिया ज़ोर
चंदौली जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मा. राज्यसभा सांसद साधना सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, अपर जिलाधिकारी (वित्त/न्यायिक), उपजिलाधिकारी तथा प्रभागीय वनाधिकारी सहित कई अधिकारियों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

राज्यसभा सांसद सांसद साधना सिंह ने इस अवसर पर कहा कि पर्यावरण का संरक्षण केवल सरकार का ही नहीं, बल्कि हम सभी नागरिकों का दायित्व है। वृक्षारोपण एक सरल किंतु प्रभावशाली कदम है जो पर्यावरण को संतुलन प्रदान करता है और भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और स्वस्थ जीवन सुनिश्चित करता है।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने आम जनता से अपील की कि वे अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं और उनकी देखभाल करें। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल छाया या फल ही नहीं देते, बल्कि ये हमारे जीवन के लिए प्राणवायु प्रदान करते हैं। मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने बताया कि जिले भर में वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है, और प्रशासन का उद्देश्य है कि इसमें अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित हो।
कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर में आम, नीम, पीपल, अशोक जैसी अनेक प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे रोपे गए। उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने पौधों की देखरेख का संकल्प लिया और पर्यावरण संरक्षण के लिए सतत प्रयास करने की शपथ भी ली।
इस आयोजन ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक संदेश दिया और नागरिकों को प्रेरित किया कि वे प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर चलें।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*