सपा प्रत्याशी के खिलाफ मुकदमा लिखाने के लिए सैयदराजा थाने में डंटे हैं विधायक सुशील सिंह, पुलिस पर भी नाराज
सैयदराजा विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी सुशील सिंह
सैयदराजा विधानसभा में सपा के उम्मीदवार मनोज सिंह डब्लू
गुजरात नंबर की गाड़ी में पकड़ी गयी है दारू
सैयदराजा विधानसभा के प्रत्याशी और विधायक सुशील सिंह फिलहाल सैयदराजा थाने में बैठे हुए हैं और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी वह पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू के द्वारा लगातार उनके कार्यकर्ताओं और समर्थकों के खिलाफ किए जा रहे उत्पीड़न और गैर जिम्मेदाराना हरकत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने पर अड़े हैं। विधायक सुशील सिंह का कहना है कि अगर पुलिस इमानदारी से कार्यवाही नहीं करेगी तो वह सैयदराजा थाने में धरने पर बैठ जाएंगे।

आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मनोज कुमार सिंह डब्लू के द्वारा कल चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद से लगातार यह आरोप लगाया जा रहा है कि सत्ता पक्ष के लोग दारु, मुर्गा और पैसे बांट कर वोट खरीदने की कोशिश कर रहे हैं और पुलिस तथा जिला प्रशासन कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है । इसलिए वह खुद कार्यकर्ताओं की शिकायत पर ऐसी जगह पर जा रहे हैं, जहां पर मुर्गा-दारू की पार्टी चल रही है या पैसे देकर वोटरों को अपने पक्ष में करने की साजिश हो रही है। इसी क्रम में कल से अब तक तीन घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी से जुड़े लोगों के ऊपर मनोज कुमार सिंह डब्लू के द्वारा तरह-तरह के आरोप लगाए गए हैं और उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट करने की कोशिश करने का आरोप लगा है। इन सभी मामलों में पुलिस ने अब तक कोई भी न तो मुकदमा दर्ज किया है और न ही किसी भी प्रकार का नोटिस समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को दिया गया है। इसी के चलते वह बार-बार ऐसी हरकत कर रहे हैं जैसे कानून व्यवस्था प्रभावित हो।
पुलिस की कार्यशैली और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी की गैरकानूनी हरकत से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नाराज हैं और उन्होंने ऐलान कर दिया है कि अगर पुलिस मनोज कुमार सिंह डब्लू के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही नहीं करती है, तो वह अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ धरने पर बैठेंगे और ऐसी हरकत करने वाले प्रत्याशी के खिलाफ निर्वाचन आयोग में भी शिकायत करेंगे। विधायक सुशील सिंह ने कहा कि वह चुनाव हार रहे हैं। इसलिए इस तरह से पागलपन वाली हरकत कर रहे हैं। ऐसा किसी प्रत्याशी को शोभा नहीं देता।
विधायक सुशील सिंह ने यह भी कहा कि सैयदराजा विधानसभा इलाके में गुजरात नंबर की एक गाड़ी पकड़ी गई है, जिसमें शराब भी पाई गई है। उसे सैयदराजा थाने में मगाया जा रहा है और संबंधित धाराओं में कार्यवाही कराई जाएगी। साथ ही इस बात का पता लगाया जाएगा कि आखिर वह गाड़ी किसकी थी और वहां पर क्या कर रही थी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






