हाईवे निर्माण करने वाली APCO पर गंभीर आरोप, खुलेआम 5 हजार में बेच रही है मिट्टी.. वीडियो वायरल
एपको कंपनी की चंदौली जिले में खुली लूट
सकलडीहा में निजी विद्यालय के फील्ड में बेची जा रही मिट्टी
खनन अधिकारी ने दिए जांच के आदेश
चंदौली जनपद में जिला मुख्यालय से लेकर सैदपुर घाट तक हाईवे निर्माण का कार्य लगभग पूरा कर चुकी एपको कंपनी (APCO Company) पर अब एक गंभीर आरोप लगा है। सूत्रों के अनुसार, कंपनी में काम करने वाले लोग चुपके से सड़क निर्माण के लिए खोदी गई मिट्टी बेचने का कार्य कर रहे हैं। यह मिट्टी, जिसका खनन सरकारी कार्य के लिए किया जाता है, उसे अब निजी उपयोग में बेचा जा रहा है, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है।
5000 प्रति गाड़ी के हिसाब से हो रही बिक्री
सकलडीहा क्षेत्र के भोजापुर स्थित एक निजी विद्यालय के फील्ड को पाटने के लिए एपको कंपनी के कई डंपर मिट्टी ले जाते हुए देखे गए हैं। इस संबंध में गाड़ी पर काम करने वाले एपको कंपनी के एक कर्मचारी ने खुलासा किया कि खुदाई की मिट्टी अधिक हो गई है, इसलिए ₹5000 प्रति गाड़ी के हिसाब से बेचने का कार्य किया जा रहा है। वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि डंपर खुलेआम मिट्टी बेच रहे हैं, जिससे इलाके में एपको कंपनी की मिट्टी बेचने की चर्चा जोर पकड़ रही है।
हाईवे निर्माण करने वाली APCO पर गंभीर आरोप, खुलेआम 5 हजार में बेच रही है मिट्टी.. वीडियो वायरल@dmchandauli @cdochandauliup @NHAI_Official pic.twitter.com/BbtVqo4qaw
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) November 21, 2025
खनन अधिकारी ने दिए जांच के आदेश
इस संबंध में जब कंपनी के संबंधित लोगों से बात करने की कोशिश की गई, तो उनकी ओर से कोई समुचित जवाब नहीं मिला। यह लापरवाही और अवैध कार्य की ओर इशारा करता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला खनन अधिकारी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच करने की बात कही है। हालांकि, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिशासी अभियंता से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
सरकारी कार्य के लिए खोदी गई मिट्टी को इस तरह खुलेआम निजी उपयोग के लिए बेचा जाना न केवल घोर अनियमितता है, बल्कि यह खनन नियमों का सीधा उल्लंघन भी है। यदि जांच में यह आरोप सही पाए जाते हैं, तो कंपनी के खिलाफ कठोर कार्रवाई होना निश्चित है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







