सबेरे 7 बजे दारू पीने का मन है तो चहनिया आ जाइए, पुलिस व साहब की कृपा से खुलेआम बिकती है..देखें वीडियो
चहनिया में सुबह 7 बजे शराब बिक्री का मामला
शराबियों की छींटाकशी से महिलाएं परेशान
पुलिस मिलीभगत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मुगलसराय रोड पर राहगीरों का चलना हुआ मुश्किल
स्थानीय लोगों ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
चंदौली जिले के चहनिया स्थानीय बाजार से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मुगलसराय रोड पर स्थित देसी शराब की दुकान पर आबकारी नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। यहां सुबह 7:00 बजे से ही चोरी-छिपे शराब बेचने का काम शुरू हो जाता है।
मिली जानकारी के मुताबिक, दुकानदार सुबह सबसे पहले दुकान का शटर उठाकर देसी शराब बाहर निकालता है। इसके बाद शटर आधा गिराकर अवैध रूप से शराब की धड़ल्ले से बिक्री की जाती है। स्थानीय लोगों का साफ आरोप है कि यह पूरा खेल स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है।

नशेड़ियों के खौफ से महिलाओं का निकलना हुआ मुश्किल
सुबह-सुबह शराब उपलब्ध होने के कारण दुकान के आसपास पियक्कड़ों का जमावड़ा लग जाता है। शराब के नशे में धुत ये नशेड़ी रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं और स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं पर अश्लील छींटाकशी करते हैं। कई बार नशेड़ियों द्वारा छेड़खानी की कोशिश भी की गई है, जिससे मुगलसराय रोड पर स्थानीय महिलाओं का पैदल चलना भी दूभर हो चुका है। इलाके के राहगीर और अभिभावक अपनी बहू-बेटियों की सुरक्षा को लेकर हर वक्त चिंतित रहते हैं।
चहनिया में सुबह 7 बजे से बिक रही शराब
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) September 11, 2026
नशेड़ियों की मौज, पुलिस व आबकारी विभाग खामोश
जेब गर्म करके मनमाने तरीके से बिकती है शराब@Uppolice @baluacdi @cosakaldihacdi @chandaulipolice @dmchandauli @IgRangeVaranasi pic.twitter.com/bIuiJMa1F8
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरी अवैध बिक्री और मनमानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस सब कुछ जानते हुए भी अनजान बनी हुई है। इस अनैतिक काम से परेशान स्थानीय नागरिकों ने शासन-प्रशासन के आला अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है। लोगों ने मांग की है कि शराब की दुकान पर समय से पहले होने वाली बिक्री पर तुरंत रोक लगाई जाए।
एक्शन न होने पर बड़े आंदोलन की दी चेतावनी
चहनिया बाजार के निवासियों का कहना है कि अगर समय रहते इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। क्षेत्र के महिला और पुरुष एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ एक बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। अब देखना यह है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर आला अधिकारी दोषियों पर क्या सख्त कार्रवाई करते हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







