देखें वीडियो : खाकी और खादी के संरक्षण में तेल चोरी का काला कारोबार? हिस्ट्रीशीटर की वायरल क्लिप ने मचाया हड़कंप, लाखों की उगाही का दावा
विधायक और पुलिस के नाम पर उगाही
हिस्ट्रीशीटर प्रीतम जायसवाल का ऑडियो वायरल
मुगलसराय के मवई में तेल चोरी का सिंडिकेट
जेल से छूटे माफिया फिर से सक्रिय
रामनगर पुलिस की कार्रवाई के बाद खुलासा
चंदौली जनपद के अलीनगर और मुगलसराय थाना क्षेत्रों में लंबे समय से चल रहा 'तेल कटिंग' (ईंधन चोरी) का काला कारोबार एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला केवल चोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि एक ऑडियो क्लिप ने राजनीतिक गलियारों और पुलिस महकमे की नींद उड़ा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस ऑडियो में सत्ता पक्ष के एक विधायक और पुलिस के बड़े अधिकारियों के नाम पर लाखों रुपये की उगाही और काम को संरक्षण देने का दावा किया जा रहा है।
वायरल ऑडियो में 'सेटिंग' का खुलासा
हाल ही में सार्वजनिक हुए कई ऑडियो क्लिप्स में कथित तौर पर तेल माफिया आलोक कुमार उर्फ सोनू और अलीनगर थाने के हिस्ट्रीशीटर प्रीतम जायसवाल के बीच बातचीत हो रही है। इस बातचीत का मुख्य केंद्र मुगलसराय के मवई इलाके में दोबारा तेल कटिंग (टैंकरों से अवैध रूप से ईंधन निकालना) का काम शुरू करवाना है। ऑडियो में प्रीतम जायसवाल, सोनू से 5 लाख रुपये की मांग कर रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह मोटी रकम 'ऊपर तक' पहुँचाने के नाम पर मांगी जा रही है। बातचीत के दौरान हिस्ट्रीशीटर द्वारा क्षेत्रीय विधायक, एडिशनल एसपी (ASP) और दो थाना प्रभारियों के नाम का सीधा इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे विभाग की छवि पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गए हैं।
तेल कटिंग का पुराना नेटवर्क फिर से सक्रिय
चंदौली जिले का अलीनगर व मुगलसराय कोतवाली के साथ-साथ रामनगर का इलाका तेल चोरी के लिए कुख्यात रहा है। कुछ दिन पहले ही रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तेल तस्कर आलोक उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह वाराणसी के डीएलडब्ल्यू क्षेत्र का निवासी है और टेंगरा मोड़ के पास अवैध कारोबार संचालित कर रहा था। जेल से बाहर आते ही इस सिंडिकेट ने फिर से सिर उठाना शुरू कर दिया है। वायरल ऑडियो के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर प्रीतम जायसवाल इस पूरे खेल में एक 'मिडिल मैन' (बिचौलिया) की भूमिका निभा रहा है, जो राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण दिलाने का दावा कर पैसे ऐंठ रहा है।
पैसे की वापसी को लेकर बढ़ा विवाद
ऑडियो से यह भी स्पष्ट होता है कि सकलडीहा निवासी रिंकू सिंह से तेल कटिंग का काम दिलाने के नाम पर प्रीतम जायसवाल ने पहले भी रकम ली थी। आरोप है कि यह पैसा विधायक के नाम पर वसूला गया था। अब जब काम शुरू नहीं हो सका, तो रिंकू सिंह अपने पैसे वापस मांग रहा है, जिसे लेकर तस्करों के बीच आपसी कलह शुरू हो गई। इसी विवाद के दौरान रिकॉर्ड की गई बातचीत अब सार्वजनिक हो चुकी है। इस सिंडिकेट में कामरान, हिस्ट्रीशीटर श्रवण और शेरू जैसे नाम भी सामने आए हैं। इसमें से कुछ लोग ऐसे हैं, जो पहले भी तेल तस्करी के आरोपों में जेल की हवा खा चुके हैं।
सवालों के घेरे में 'खाकी और खादी'
यह ऑडियो लीक होने के बाद जनपद में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर रोष है कि क्या वास्तव में जनप्रतिनिधियों और पुलिस के संरक्षण में यह अवैध धंधा फल-फूल रहा है? सवाल यह भी उठता है कि एक हिस्ट्रीशीटर की इतनी हिम्मत कैसे हुई कि वह सरेआम पुलिस कप्तान और एडिशनल एसपी के नाम का सौदा करे?
अलीनगर व मुगलसराय कोतवाली इलाके में टैंकरों से डीजल और पेट्रोल चोरी कर उसे काले बाजार में बेचे जाने का यह नेटवर्क राजस्व को भारी चपत लगा रहा है।
अब सबकी नजरें पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे चंदौली पर टिकी हैं। क्या वायरल ऑडियो में लिए गए नामों की निष्पक्ष जांच होगी? क्या उन 'विभीषणों' की पहचान हो पाएगी जो माफियाओं के साथ मिलकर सरकारी तंत्र को बदनाम कर रहे हैं?
रामनगर और अलीनगर क्षेत्र में पुलिस ने हाल ही में कई तस्करों को जेल भेजा था, जिसके बाद यह आपसी गुटबाजी और ऑडियो वार शुरू हुआ है। फिलहाल, इस वायरल ऑडियो ने प्रशासन के सामने कड़ी चुनौती पेश कर दी है।
नोट- चंदौली समाचार को यह ऑडियो क्लिप एक पाठक ने शेयर की है। इसमें जमकर गालियां दी गयी हैं, जिसके लिए जगह-जगह पर बीप लगाया गया है। चंदौली समाचार इस खबर से चर्चा में आए संबंधित लोगों से अपील करता है कि अगर उनको अपना पक्ष रखना है तो चंदौली समाचार के संवाददाता से संपर्क कर सकते हैं। हम उनकी बात भी उतनी ही गंभीरता से प्रकाशित करेंगे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








