जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने वाले व्यापारी की भी फरियाद को दरकिनार करके SP ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को किया सीज, देखें वीडियो

चंदौली के अलीनगर में पैदल गश्त के दौरान सड़क बाधित करने पर एसपी आकाश पटेल ने एक व्यापारी के ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज करवा दिया। इसके बाद उन्होंने महिला थाने का औचक निरीक्षण कर नए रिक्रूटों से मुलाकात की।
 

अलीनगर में एसपी का पैदल गश्त

सड़क बाधित करने पर वाहन सीज

हाथ जोड़ने पर भी नहीं माने कप्तान

बाजार से हटाया गया अवैध अतिक्रमण

महिला थाने में रिक्रूट आरक्षियों से मुलाकात

चंदौली जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाने और आम जनता व स्थानीय व्यापारियों के भीतर सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक (एसपी) आकाश पटेल ने मंगलवार को अलीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले व्यस्त गंजी प्रसाद तिराहा एवं उसके आसपास के बाजारों में भारी पुलिस बल के साथ सघन पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) की। इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनंत चंद्रशेखर भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

सड़क पर गिट्टी लोड कराने वाले व्यापारी पर गिली गाज, वाहन सीज
पैदल गश्त के दौरान पुलिस कप्तान के तीखे तेवर देखने को मिले, जिससे बाजार में हड़कंप मच गया। चेकिंग के दौरान एसपी की नजर एक ऐसे व्यापारी पर पड़ी, जो मुख्य सड़क पर अपना ट्रैक्टर खड़ा करवाकर सरेआम गिट्टी लोड करा रहा था। इस घोर लापरवाही के कारण मुख्य मार्ग का यातायात पूरी तरह बाधित हो रहा था। नियमों का सरेआम उल्लंघन देखकर कप्तान का गुस्सा भड़क उठा। कार्रवाई से बचने के लिए व्यापारी हाथ जोड़कर पैर छूने लगा और गिड़गिड़ाने लगा, लेकिन नियमों से समझौता न करते हुए कप्तान ने उक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को तत्काल मौके पर ही सीज करवा दिया।

chandauli news sp akash patel, chandauli khabar alinagar market patrol, chandauli samachar illegal encroachment removal, anant chandrashekhar additional sp up, recruit constable training women police
गश्त के दौरान लोगों को समझाते एसपी आकाश पटेल

 अतिक्रमणकारियों को अंतिम चेतावनी
एसपी ने गश्त के दौरान स्थानीय दुकानदारों से बातचीत की और दुकानों के बाहर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कैमरे अपराधियों में खौफ पैदा करने के साथ ही पुलिस के लिए "तीसरी आंख" का काम करते हैं। इसके अलावा, सड़कों और पटरियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को पुलिस बल ने मौके पर ही हटवाया। एसपी ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि कई व्यापारी अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा से बाहर फैला देते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं। अगर दोबारा ऐसा किया गया, तो भारी जुर्माना वसूला जाएगा।


महिला थाने पहुंचे पुलिस अधीक्षक, रिक्रूट कांस्टेबलों को दिए निर्देश
अलीनगर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पैदल गश्त पूरी करने के बाद पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल सीधे महिला थाने पहुंचे। यहां उन्होंने थाने में मौजूद नव नियुक्त रिक्रूट कांस्टेबलों (महिला आरक्षियों) से आत्मीय मुलाकात की। एसपी ने उनके बुनियादी प्रशिक्षण, रहने की बैरक व्यवस्था और मेस आदि में उपलब्ध कराई जा रही जन-सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने नए आरक्षियों को बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करने और कड़े अनुशासन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने साफ किया कि जिले की कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए ऐसे औचक अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*