अमड़ा का अस्पताल : अब ध्वस्तीकरण पर सवाल उठा रहे मनोज सिंह, DM को दिया न्योता

संयुक्त चिकित्सालय अमड़ा का हाल बेहाल
अस्पताल के ध्वस्तीकरण का हो गया है आदेश
नरवन की चिकित्सा व्यवस्था सुधारने की अपील
चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह व आजकल सत्ता पक्ष पर ज्यादा ही आक्रामक रवैया अपनाए हुए हैं। वे हर दिन जरूरी विकास कार्यों और जर्जर हो चुकी सुविधाओं को लेकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। साथ ही साथ सरकार और अधिकारियों का ध्यान खींचने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में मनोज कुमार सिंह ने गुरुवार को एक और वीडियो जारी किया और संयुक्त चिकित्सालय अमड़ा की बदहाली जनता के सामने पेश करने की कोशिश की।

पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू ने कहा कि इस अस्पताल के ध्वस्तीकरण का आदेश हो चुका है, लेकिन यह अस्पताल आज भी काफी मजबूत है। सपा नेता ने कहा कि जिस तरह का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार के कार्यकाल में हो रहा है, उस पर लोगों को भरोसा ही नहीं होता है। अभी हो रहे काम की क्वालिटी से कई गुना बेहतर यह इमारत है। इसकी स्थिति अभी ध्वस्तीकरण लायक नहीं है। इसलिए जिलाधिकारी को मौके पर आकर इस अस्पताल की हकीकत जानी चाहिए और ध्वस्तीकरण का आदेश निरस्त करना चाहिए।

सपा नेता मनोज सिंह ने स्थानीय विधायक पर भी निशाना साधने की कोशिश की और कहा कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र में एक भी एक नया अस्पताल को बनवा नहीं पा रहे हैं, लेकिन पुराने अस्पतालों को ध्वस्त कराने की पहल जरूर कर रहे हैं। अपने इतने लंबे कार्यकाल में उन्होंने एक भी नया अस्पताल नहीं बनवाया है।
सपा नेता ने कहा कि अमड़ा का यह अस्पताल नरवन क्षेत्र के हेल्थ की लाइफ लाइन है। अगर यह अस्पताल फिर से बनकर तैयार हो जाता है और नियमित रूप से यहां चिकित्सक बैठने लगेंगे तो जिला अस्पताल का बोझ कम होगा तथा गरीब लोगों को सस्ती और अच्छी स्वास्थ्य सुविधा अपने इलाके में मिलने लगेगी।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*