जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली के गोधना बाईपास पर चलती स्कॉर्पियो पर जानलेवा स्टंट, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में चलती स्कॉर्पियो पर खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल हुआ है। युवक खिड़कियों से लटककर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। पुलिस अब वीडियो के आधार पर इन दबंगों की तलाश में जुट गई है।
 

गोधना बाईपास पर खतरनाक स्टंटबाजी

स्कॉर्पियो की खिड़की से लटके युवक

मोटर वाहन अधिनियम का खुला उल्लंघन

पुलिस विभाग के अभियानों को चुनौती

वायरल वीडियो से युवकों की तलाश

चंदौली जिले से यातायात नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक चलती हुई स्कॉर्पियो गाड़ी पर बेहद खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।


गोधना बाईपास का बताया जा रहा वीडियो
फैजान अहमद की रिपोर्ट के अनुसार, यह पूरा मामला अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना बाईपास का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे कुछ रसूखदार और मनबढ़ युवक चलती गाड़ी की खिड़कियों और दरवाजों से बाहर लटककर हुड़दंग मचा रहे हैं। गाड़ी की रफ्तार के बीच कुछ युवक तो कार के ऊपर तक खड़े नजर आ रहे हैं। यह हरकत न सिर्फ मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) का खुला उल्लंघन है, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे राहगीरों के लिए भी बड़ी मुसीबत बन सकती है। जरा सी चूक किसी की जान ले सकती थी।

पुलिस के अभियानों को खुली चुनौती
हैरानी की बात यह है कि जिले में पुलिस और परिवहन विभाग लगातार चेकिंग अभियान चला रहा है। इसके बावजूद इन दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें कानून का कोई डर नहीं है। वे सरेआम नियमों को ठेंगा दिखाकर पुलिस के अभियानों को चुनौती दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय जनता में भारी नाराजगी है और लोगों ने पुलिस अधीक्षक से इन हुड़दंगियों पर सख्त ऐक्शन लेने की मांग की है। फिलहाल, अलीनगर पुलिस वीडियो के आधार पर गाड़ी के नंबर और उसमें सवार युवकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

 

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*