ये हैं चंदौली की टॉप 10 बड़ी खबरें: सभी खबरों से 2 मिनट में हो जाएंगे अपडेट
चंदौली पुलिस ने एक दिन में बड़े तबादले किए
मत्स्य मंत्री के अचानक जाने से मचा बड़ा हड़कंप
त्योहारों से पहले कुख्यात अपराधी को जिला बदर किया
धन्नीपुर में मनरेगा योजना में ₹2.29 लाख घोटाला हुआ
पुलिस विभाग में तबादलों की बौछार
चंदौली जिले के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के द्वारा एक दी दिन में दो तबादला सूची जारी करके पहले 9 उपनिरीक्षकों का और फिर 21 सिपाहियों का तबादला कर दिया। इस तबादला सूची में 2 पुलिस चौकियों के प्रभारी बदले गए। साथ ही साथ कई उप निरीक्षकों को पुलिस लाइन से थाने पर तैनाती की गई है। इसके अलावा 21 पुलिसकर्मियों का तबादला करते हुए तत्काल नए जगह पर आमद कराने का आदेश दे दिया है। इस तबादला सूची में कुछ लोगों के तबादले शिकायत सही पाने के बाद की गयी है। नई तैनातियों को लेकर पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
प्रधानमंत्री ने किया योजना का शुभारंभ
चंदौली जिले में आज प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना और दलहन आत्मनिर्भरता मिशन का वर्चुअल शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का सजीव प्रसारण चंदौली के कृषि विज्ञान केंद्र समेत सभी विकास खंडों और न्याय पंचायतों में किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और अधिकारी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कृषक उत्पादक संगठनों और किसानों के साथ चर्चा की गयी। उन्होंने कहा कि देश ने खाद्यान्नों का 40 प्रतिशत रिकॉर्ड उत्पादन किया है, लेकिन आत्मनिर्भर बनने के लिए सभी खाद्यान्नों का उत्पादन और अधिक बढ़ाना होगा। इसीलिए दलहन आत्मनिर्भरता मिशन लॉन्च किया गया है।
मत्स्य मंत्री के जाने से मचा हड़कंप
चंदौली जिले की मंडी समिति में आज एशिया की सबसे बड़ी मत्स्य मंडी का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल तरीके से किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री संजय निषाद की उपस्थिति रही। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से ठीक पहले मत्स्य मंत्री संजय निषाद के कार्यक्रम से अचानक चले गए। जैसे ही मंत्री कार्यक्रम स्थल से रवाना हुए, उनके समर्थक एवं निषाद पार्टी के कार्यकर्ता भी आयोजन स्थल से खिसक गए। इस घटना ने लोगों के बीच कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया। हालांकि राज्यसभा सांसद साधना सिंह, स्थानीय विधायक सुशील सिंह, रमेश जायसवाल, कैलाश आचार्य, जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिलाधिकारी महेश चंद्र गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी अंत तक कार्यक्रम में मौजूद रहे।
त्योहारों से पहले अपराधी जिला बदर
चंदौली जिले में त्योहारों से ठीक पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने एक कुख्यात अपराधी ओम प्रकाश गुप्ता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे जिला बदर कर दिया है। अपराधी ओम प्रकाश गुप्ता के घर पर जिला बदर का नोटिस चस्पा किया। इस आदेश के तहत ओम प्रकाश गुप्ता को अगले 6 महीने तक जिले की सीमा से बाहर रहना होगा। यदि इस अवधि में वह जिले में प्रवेश करता है, तो उसके खिलाफ और भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मिशन शक्ति अभियान से बढ़ा सशक्तिकरण
चंदौली जिले में पुलिस के द्वारा मिशन शक्ति अभियान फेज 5 के अंतर्गत जिले में छात्राओं और महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना चकिया की एंटीरोमियो टीम ने बीकापुर पंचायत भवन में जन चौपाल आयोजित कर बालिकाओं और महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। इसके अतिरिक्त महिलाओं के कल्याण हेतु चल रही योजनाओं जैसे- मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, पति की मृत्युपरांत निराश्रित महिला योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन और सखी निवास की जानकारी भी साझा की गई।
मनरेगा में ₹2.29 लाख का घोटाला
चंदौली जिले के शहाबगंज ब्लॉक के धन्नीपुर गांव में मनरेगा योजना के तहत बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और सचिव पर मिलीभगत कर चकरोड निर्माण के नाम पर ₹2.29 लाख निकालने का आरोप लगाया है। बताया गया कि प्राथमिक विद्यालय कौड़िहार से जवाहर के खेत तक चकरोड निर्माण का कार्य कागजों में पूरा दिखाया गया, जबकि मौके पर कोई काम नहीं हुआ। खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं और कहा कि आरोप सही पाए गए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बलुआ पुलिस ने पशु तस्कर पकड़ा
चंदौली जिले में पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बलुआ थाना पुलिस ने बिना नंबर की पिकअप से 13 जीवित गोवंश बरामद किए। आरोपी की पहचान सोनू यादव निवासी सिसौरा (धीना) के रूप में हुई है। तलाशी में पुलिस को एक तमंचा, दो कारतूस और नगद ₹370 भी मिले। आरोपी ने बिहार में गोवंश की अवैध बिक्री की बात कबूल की। उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
समाचार प्रभाव से शुरू हुआ बंधी मरम्मत कार्य
चंदौली जिले के शहाबगंज ब्लॉक के बेलावर गांव में जर्जर बंधी की मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। चंदौली समाचार में खबर प्रकाशित होने के बाद सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता मनोज पटेल ने मौके का निरीक्षण किया और जेसीबी लगवाकर सुरंगों को मिट्टी से भरवाया। पिछले दिनों हुई भारी बारिश से बंधी में रिसाव और टूटने का खतरा बढ़ गया था, जिससे ग्रामीण दहशत में थे। मरम्मत कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और विभाग को धन्यवाद दिया। अभियंता ने बताया कि शीघ्र ही संपूर्ण बंधी की मरम्मत पूरी कराई जाएगी।
विजिलेंस की कार्रवाई में चार पकड़े गए
चंदौली जिले के शहाबगंज क्षेत्र में विजिलेंस टीम ने अवैध बिजली उपयोग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने सैदूपुर, बेलावर और धन्नीपुर गांवों में छापेमारी कर चार लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। इनमें दो बिना कनेक्शन के बिजली जलाते मिले, जबकि दो उपभोक्ता बाईपास कर बिजली उपयोग कर रहे थे। सभी के खिलाफ धारा 135 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। छापेमारी टीम में प्रभारी आशीष कुमार पांडेय, अवर अभियंता मणिशंकर पाल व पुलिस टीम शामिल रही।
पूर्व प्रधान का वीडियो हुआ वायरल
चंदौली जिले के बबुरी–पड़या मार्ग पर भारी बारिश के बाद जलभराव से लोगों का आवागमन ठप हो गया है। इसी बीच पूर्व प्रधान संजय सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर तीखा प्रहार करते हुए विवादित बयान दिया है। उनके बयान से सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने इसे जनता की पीड़ा का स्वर बताया, जबकि अन्य ने अशोभनीय भाषा की निंदा की। प्रशासनिक लापरवाही और जलनिकासी की समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों में गहरा असंतोष है।