दोस्तों के साथ गंगा में नहाने गया निखिल यादव नदी में डूबा, गोताखोरों ने मशक्कत के बाद खोजी लाश

प्रसहटा गांव के सामने गंगा में डूबा निखिल
दोस्तों ने हंगामा मचाया तो जुटे लोग
पुलिस ने गोताखोरों की मदद से खोज निकाली लाश
चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। प्रसहटा गांव के सामने गंगा में स्नान करते समय एक 20 वर्षीय निखिल यादव डूब गया है। निखिल यादव कमला यादव का पुत्र बताया जा रहा है।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि घटना उस समय हुई जब निखिल ने गंगा में पहली डुबकी लगाई। उसी के बाद वह डूबने लगा। मौके पर उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तुरंत शोर मचाया। स्थानीय लोगों ने युवक को खोजने का प्रयास किया। लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो तत्काल पुलिस को सूचना दे दी।

मौके पर धानापुर थाना प्रभारी महेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम पहुंची और उसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया। साथ ही साथ गंगा में जाल डालकर काफी देर तक खोजबीन की। आखिरकार मृतक का शव गंगा से गोताखोरों की मदद से बरामद कर लिया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा जा रहा है।
निखिल तीन बहनों के बाद दूसरा भाई था। उसके डूबने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन बुरी तरह रो-रोकर परेशान हो रहे हैं।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*