जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

ये हैं चंदौली की टॉप 10 बड़ी खबरें: सभी खबरों से 2 मिनट में हो जाएंगे अपडेट

चंदौली जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर शनिवार, 04 अक्टूबर 2025 को सभी इंटर कॉलेज और माध्यमिक विद्यालय बंद रहेंगे।
 

प्रधानमंत्री आवास योजना में नए लाभार्थियों के लिए मौका

भारी बारिश के कारण सभी इंटर कॉलेज और माध्यमिक विद्यालय बंद

जसुरी नहर में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी

प्रधानमंत्री आवास योजना में एक और मौका

चंदौली जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के कहत गांवों के छूटे और नए लाभार्थियों को जोड़ने का एक और मौका मिला है। उत्तर प्रदेश के  ग्राम्य विकास आयुक्त ने आदेश जारी करके कहा है कि आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 में नए लाभार्थियों का डाटा कैप्चर करने की समय-सीमा अब 14 अक्टूबर, 2025 तक बढ़ा दी गई है। इसके लिए 3 अक्टूबर से ही फिर से पोर्टल फिर से खोल दिया गया है। यह समय-सीमा विस्तार उन सभी पात्र लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है जो किसी कारणवश पिछले सर्वे में शामिल होने से छूट गए थे या सर्वे के समय घर पर उपलब्ध नहीं थे। 

चंदौली में मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा

चंदौली जिले में पासपोर्ट बनवाने के लिए एक खास सहूलियत मिलने जा रही है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने नागरिकों को त्वरित, सरल और सुलभ पासपोर्ट सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए जिले में मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा का शुभारंभ किया है। इसी को लेकर चंदौली जिले के पासपोर्ट आवेदकों की सुविधा के लिए मुख्य डाकघर परिसर चंदौली में मोबाइल वैन सुविधा देकर 3 दिवसीय 'पासपोर्ट शिविर' का आयोजन किया जा रहा है। यह सुविधा  13, 14 और 15 अक्टूबर 2025 को उपलब्ध रहेगी। इन 3 दिनों के लिए प्रत्येक दिन कुल 150 अपॉइंटमेंट जारी किए जा सकते हैं। 

बीज मिनीकिट के लिए ई-लॉटरी चयन

चंदौली जिले में  वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सरसों, चना, मटर और मसूर बीज मिनीकिट हेतु लाभार्थी किसानों का चयन शुक्रवार को विकास भवन में ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया। अपर जिलाधिकारी  राजेश कुमार की अध्यक्षता में यह प्रक्रिया  संपन्न हुई।  ई-लॉटरी के माध्यम से कुल 1910 किसानों का चयन किया गया है। इन बीज मिनीकिटों के लिए विकास खंड वार लक्ष्य से अधिक ऑनलाइन बुकिंग प्राप्त हुई थी। जिसके लिए ऐसी प्रक्रिया अपनानी पड़ी। 

जसुरी नहर में मिला युवक का शव
चंदौली जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जसुरी गांव के समीप स्थित नहर में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक अज्ञात युवक का शव पानी में तैरता देखा। शव दिखाई देने के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी, जिस पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। प्राथमिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक लाश की पहचान नहीं हो सकी है।

खनन अधिकारी गुलशन कुमार का ट्रांसफर

चंदौली जिले के खनन अधिकारी गुलशन कुमार का बदायूं ट्रांसफर हो गया है और उनकी जगह इटावा से आए प्रदीप कुमार राय जिले में नए खनन अधिकारी बनकर आ रहे हैं।  गुलशन कुमार के कार्यकाल के दौरान राजस्व वसूली में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की गई है। अगस्त और सितंबर माह में खनन विभाग ने राजस्व वसूली का रिकॉर्ड तोड़ते हुए शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक राजस्व अर्जित किया। इसके बाद भी उनको चंदौली जिले से हटा दिया गया है।

भारी बारिश के कारण स्कूल बंद

चंदौली जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर शनिवार, 04 अक्टूबर 2025 को सभी इंटर कॉलेज और माध्यमिक विद्यालय बंद रहेंगे। इससे पहले बीएसए ने प्राथमिक और जूनियर विद्यालयों में छुट्टी घोषित की थी। अब डीआईओएस द्वारा आदेश जारी कर कक्षा 9 से 12 तक के स्कूलों में भी अवकाश कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है। जिले के सभी राजकीय, एडेड और निजी विद्यालय सोमवार, 06 अक्टूबर से नियमित खुलेंगे।

डॉ. सर्वेश गौतम कजाकिस्तान जाएंगे

चंदौली के सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) डॉ. सर्वेश गौतम कजाकिस्तान में होने वाले इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन एनवायरनमेंटल सस्टेनेबिलिटी में शामिल होंगे। यह सम्मेलन 6 से 8 अक्टूबर 2025 तक अल्माटी स्थित अल-फ़राब कज़ाख इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित होगा। डॉ. गौतम इसमें वाहन प्रदूषण और एक्सप्रेसवे परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अपना शोध प्रस्तुत करेंगे। उनका कहना है कि ग्रामीण भारत की वास्तविक स्थिति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करना गर्व की बात है। वे 4 अक्टूबर को दिल्ली से कजाकिस्तान रवाना होंगे।

सांसद छोटेलाल ने बाल विवाह रोका

चंदौली जिले के चकिया में आयोजित एक शिविर में रॉबर्ट्सगंज के सांसद छोटेलाल खरवार ने बाल विवाह को सामाजिक बुराई बताते हुए इसे रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि लड़की की शादी 18 वर्ष और लड़के की शादी 21 वर्ष के बाद ही की जानी चाहिए। सांसद ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत दोषियों को दो वर्ष की सजा या एक लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।

गोविंदीपुर में दीवार गिरने से मौत

चंदौली जिले के इलिया थाना क्षेत्र के गोविंदीपुर गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। लगातार हो रही बारिश से मिट्टी का टीला कटकर एक शेड पर गिरा, जिससे दीवार ढह गई। मलबे में दबकर गांव के 60 वर्षीय मुनीब यादव की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से शव बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया। लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और कमजोर मकानों का सर्वे कराने की मांग की है।

नौगढ़ में सांप के हमले

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील में बारिश के मौसम में सांपों की बढ़ती हलचल जानलेवा बन गई है। 12 घंटे के भीतर दो महिलाओं पर सांपों ने हमला किया। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के सोनवार गांव में मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रही 22 वर्षीय आसमां पर पेड़ से लटका सांप गिरा और डस लिया। वहीं, नौगढ़ के मरवटिया गांव में खेत देखने गई 60 वर्षीय अलीमुन को सांप ने पैर में काट लिया। दोनों को CHC नौगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उनकी हालत स्थिर है। ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*