ये हैं चंदौली की टॉप 10 बड़ी खबरें: सभी खबरों से 2 मिनट में हो जाएंगे अपडेट
बंदरगाह भूमि पर प्रशासन ने पाया कब्जा
डीडीयू जंक्शन पर NDRF की मॉक ड्रिल
एआरटीओ की बड़ी कार्रवाई, 75 ट्रक हुए चालान
बलुआ में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़
1️⃣ अधिवक्ता पर हमला, वकीलों में गुस्सा
चंदौली जिले की सदर कोतवाली थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता पर हुए हमले के बाद जिले के वकीलों में भारी गुस्सा है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मिलकर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। अधिवक्ताओं ने कहा कि जब न्याय दिलाने वाले ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे होगी? उन्होंने धीमी कार्रवाई पर निराशा जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।
2️⃣ बंदरगाह भूमि पर प्रशासन ने पाया कब्जा
चंदौली जिले की पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए मिल्कीपुर क्षेत्र में बंदरगाह परियोजना की भूमि पर शत-प्रतिशत कब्जा प्राप्त कर लिया। एसडीएम अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी में यह प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई। इस कार्रवाई से लंबे समय से अटकी परियोजना को अब गति मिलने की उम्मीद है।
3️⃣ डीडीयू जंक्शन पर NDRF मॉक ड्रिल
चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रेलवे ने NDRF के साथ संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इसका उद्देश्य रेल दुर्घटना जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारी का मूल्यांकन करना था। ड्रिल के दौरान NDRF की टीमों ने फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने और रेलवे सुरक्षा बल के साथ समन्वय बनाने का अभ्यास किया।
4️⃣ अवैध खनन पर एआरटीओ की बड़ी कार्रवाई
चंदौली जिले में परिवहन नियमों के उल्लंघन और अवैध खनन पर लगाम कसने के लिए एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम के नेतृत्व में बड़ा अभियान चलाया गया। इस दौरान 75 ट्रकों का चालान किया गया, जबकि 12 ट्रकों को जब्त कर थाना कोतवाली में बंद कर दिया गया। ये ट्रक बिना नंबर प्लेट के अवैध खनन सामग्री का परिवहन कर रहे थे। विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
5️⃣ जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियां
चंदौली जिले के बेसिक शिक्षा परिषद की जनपदीय दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। यह आयोजन आगामी 18 व 19 नवंबर को शहाबगंज के किसान इंटर कॉलेज में किया जाएगा। बीएसए सचिन कुमार के निर्देश पर शिक्षकगण कॉलेज के खेल मैदान की सफाई और समतलीकरण में जुटे हैं, ताकि खिलाड़ियों को कोई असुविधा न हो। इसमें जिले के विभिन्न ब्लॉकों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे।
6️⃣ बलुआ में असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़
चंदौली जिले के बलुआ थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नदेसर गांव में चल रही अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से संजय शर्मा नामक आरोपी को तमंचा बनाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। संजय पहले भी अवैध असलहा निर्माण के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में असलहा बनाने की सामग्री, मशीनें और उपकरण बरामद किए हैं।
7️⃣ एनएच-19 पर बड़ा हादसा टला
चंदौली जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर जसौली गांव के पास सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल बच गया। सैयदराजा जा रही एक कार को पीछे से आ रहे अनियंत्रित कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, कार में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए। राहगीरों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया।
8️⃣ सेना का जवान ट्रेन से लापता
चंदौली जिले के धानापुर निवासी और दिल्ली में आर्मी इंजीनियर कोर में तैनात 25 वर्षीय सैनिक माधव अमृतसर-जयनगर एक्सप्रेस से लापता हो गए हैं। 7 नवंबर को दिल्ली से यात्रा शुरू करने के बाद जब वह लखनऊ नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने गुमशुदगी की तहरीर दी। साइबर सेल से उनकी अंतिम लोकेशन शाहजहांपुर में मिली है। सेना से जुड़ा मामला होने के कारण जीआरपी पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
9️⃣ लाउडस्पीकरों पर पुलिस का सघन अभियान
चंदौली जिले में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर, सम्पूर्ण जनपद में लाउडस्पीकरों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। सभी थाना प्रभारियों ने धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों को चेक किया। माननीय न्यायालय के आदेश-निर्देशों का उल्लंघन करते पाए जाने पर, मानक से अधिक ध्वनि वाले लाउडस्पीकरों को उतरवाया गया और ध्वनि कम कराई गई। इस अभियान में कुल 10 लाउडस्पीकरों को हटाया गया।
🔟 यातायात जागरूकता माह में 362 चालान
चंदौली जिले में यातायात जागरूकता माह नवंबर के अवसर पर जिले में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट, तीन सवारी, और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने वाले वाहनों सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 362 वाहनों का चालान किया गया। इस दौरान 4,27,900 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही, राम कृष्ण महिला इंटर कॉलेज में चौपाल लगाकर छात्रों को नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






