ये हैं चंदौली की टॉप 10 बड़ी खबरें: सभी खबरों से 2 मिनट में हो जाएंगे अपडेट

चंदौली जिले में हर साल गड़ई, चंद्रप्रभा, कर्मनाशा और गंगा नदियों से उत्पन्न बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित होते हैं, लेकिन इस बार भी 232 गांवों के किसानों की फसलों का सर्वे पूरी तरह नहीं हो पाया है।
 

कलेक्ट्रेट में गोपनीय तरीके से हुई दिशा बैठक, मीडिया को बाहर रखा गया

मुगलसराय में अधिवक्ताओं ने अधिकारियों पर रिश्वतखोरी के लगाए आरोप

232 गांवों में फसलों के नुकसान का पूरा सर्वे नहीं हुआ

कलेक्ट्रेट में गोपनीय तरीके से हुई दिशा बैठक

चंदौली जिले में बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित दिशा की बैठक एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। इस बार बैठक को पूरी तरह से बंद कमरे में पारदर्शिता के साथ न करके गोपनीय तरीके से की गयी, ताकि पिछली बार की तरह नेताओं की हरकत मीडिया के कैमरे में कैद न हो जाए। जब मीडिया के लोग पहुंचे तो उन्हें बाहर रहने के लिए कहा गया। जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट सभागार में हो रही इस महत्वपूर्ण बैठक के बारे कहा जा रहा है कि सत्ता और विपक्ष के बीच डील हो गयी है। इसी के चलते प्रशासन ने पूरी तैयारी के साथ बैठक की और केवल ऐसी बातें व जानकारी मीडिया के जरिए जनता को बताने के लिए कहा गया, जिससे सरकार व नेताओं की पोल न खुले।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/uj91CEGgrVU?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/uj91CEGgrVU/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

अवैध पटाखा गोदाम पर पुलिस की छापेमारी

चंदौली जिले में दीपावली पर्व से पहले अवैध पटाखा कारोबारियों पर नकेल कसते हुए मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। मुगलसराय क्षेत्र के कैलाशपुरी इलाके में चल रहे एक अवैध पटाखा गोदाम पर देर रात छापा मारकर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए गए। इनकी  बाजार की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है और गोदाम को सील कर दिया है। छापेमारी के दौरान पुलिस को पटाखों का एक बड़ा जखीरा मिला, जिसमें देशी और विदेशी किस्म के पटाखों के साथ-साथ कई विस्फोटक सामग्री भी शामिल थी। जांच में पता चला कि इस दुकान या गोदाम के पास पटाखा भंडारण या बिक्री का कोई भी वैध लाइसेंस या आवश्यक दस्तावेज नहीं था। यह सीधे तौर पर सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन कहा जा रहा है। 

तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ वकीलों का प्रदर्शन
चंदौली जिले में मुगलसराय तहसील में फैले भ्रष्टाचार को लेकर बुधवार को अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। सिविल बार एसोसिएशन के बैनर तले वकीलों ने मुगलसराय तहसील को वर्तमान स्थान बिलारीडीह से हटाकर मुगलसराय नगर या अलीनगर के पास नेशनल हाईवे किनारे स्थापित करने की मांग की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों पर रिश्वतखोरी, प्लाटरों से मिलीभगत और आम जनता के उत्पीड़न का आरोप लगाया। वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने कहा कि मुगलसराय तहसील में भ्रष्टाचार चरम पर है। तहसीलदार और एसडीएम प्लाटरों से मिलीभगत कर रात में दाखिल-खारिज का कार्य करते हैं, जबकि आम जनता और अधिवक्ताओं के कार्यों में टालमटोल की जाती है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को न्याय पाने के लिए तहसील के चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन बिना पैसे कोई कार्य नहीं होता।

बाढ़ सर्वे अधूरा, किसान अब भी परेशान
चंदौली जिले में हर साल गड़ई, चंद्रप्रभा, कर्मनाशा और गंगा नदियों से उत्पन्न बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित होते हैं, लेकिन इस बार भी 232 गांवों के किसानों की फसलों का सर्वे पूरी तरह नहीं हो पाया है। बाढ़ की विभीषिका से अब तक करीब तीन लाख से अधिक आबादी प्रभावित होती रही है। हालांकि प्रशासन का दावा है कि अब तक जिले में 16 हजार 36 किसानों की 3 हजार 210 हेक्टेयर भूमि का सर्वे पूरा कर राहत पोर्टल पर फीड कर दिया गया है। आप जानते हैं कि हर साल की  तरह इस साल भी सदर, सकलडीहा, पंडित दीनदयाल नगर और चकिया तहसीलों में बाढ़ से किसानों को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा है। 

डॉ. अज्मे जेहरा ने फिर भरी सूनी गोद
चंदौली जिले के सैम हस्पिटल का महिला चिकित्सा के क्षेत्र में एक अनोखा और सराहनीय प्रयास किया गया है। अस्पताल की प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अज्मे जेहरा ने अपनी उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा और समर्पित कार्यशैली से कई वर्षों से संतान सुख से वंचित महिला की सूनी गोद को संतान सुख से भर दिया।  उनके प्रयासों से अब सुनैना देवी को कई साल बाद बच्चा हुआ है। सुनैना देवी ने बताया कि उन्होंने लगातार दो बार गर्भधारण किया, लेकिन दोनों बार प्रसव से पूर्व ही बच्चे की मौत हो गई। इस दर्दनाक अनुभव ने पूरे परिवार को तोड़ दिया था। तीसरी बार जब वह गर्भवती हुईं, तो उन्होंने डॉकटर अज्मे जेहरा से परामर्श लिया। डॉक्टर ने हाई रिस्क प्रेगनेंसी के मामले को संभालते हुए जांच-पड़ताल और दवा के जरिए इलाज करके सूनी गोद को भर दिया है।

ओखा–गुवाहाटी एक्सप्रेस से आठ बालक मजदूर बरामद

चंदौली जिले के डीडीयू जंक्शन पर मंगलवार को आरपीएफ, बचपन बचाओ आंदोलन और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अप ओखा–गुवाहाटी एक्सप्रेस से 8 नाबालिगों को बरामद किया। सभी बच्चे 15 से 16 वर्ष के थे और अहमदाबाद की कपड़ा फैक्टरी में काम करने जा रहे थे। इनमें 6 पश्चिम बंगाल और 2 असम के निवासी हैं। आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार राव के अनुसार, बच्चों को काउंसलिंग के बाद चाइल्ड लाइन की टीम को सौंपा गया। रेलवे प्रशासन ने बताया कि बाल श्रम रोकने के लिए “ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते” अभियान के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

दीपावली पर फूड सेफ्टी टीम हुई सख्त

दीपावली त्योहार को देखते हुए चंदौली में खाद्य सुरक्षा विभाग ने “फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स” अभियान चलाकर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की जांच की। सकलडीहा रोड पर चलाए गए अभियान में टीम ने 25 खाद्य नमूने जांचे, जिनमें एक नमूना मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। मिलावट की आशंका में 50 किलो सोहन पापड़ी नष्ट की गई, जिसकी कीमत करीब ₹7500 थी। विभाग ने लोगों से रंगीन मिठाइयों और नकली चांदी वर्क से बचने की अपील की है। यह अभियान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.एन. त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाया गया। त्यौहारों में मिलावटखोरों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

अलीनगर पुलिस ने गैंगस्टर किशन को दबोचा

चंदौली जिले की अलीनगर पुलिस ने अपराध पर अंकुश लगाने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर कृष्ण कुमार उर्फ किशन को गिरफ्तार किया है। आरोपी जगदीशपुर भटरिया गांव का निवासी है और उस पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके गैंग लीडर सोनू पुत्र स्व. बच्चेलाल के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने बताया कि दोनों अपराधी क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में लिप्त थे। उनके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सपा सांसद वीरेंद्र सिंह की सड़क कनेक्टिविटी पहल

चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने संघती-सकलडीहा मार्ग को रिंग रोड से जोड़ने की दिशा में पहल की है। सांसद ने अधिकारियों संग निरीक्षण कर ‘कट’ निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा की, जिससे वाराणसी आने-जाने वालों को लंबा रास्ता नहीं तय करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों व किसानों को भी खेतों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। सांसद ने अधिकारियों को निर्माण प्रस्ताव पर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए और कहा कि आवश्यकता पड़ने पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी बात करेंगे। साथ ही बाढ़ प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने और भ्रष्टाचार रोकने के निर्देश जारी किए।

डॉ. महेंद्र नाथ पांडे का 68वां जन्मदिन समारोह

चंदौली जिले में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. महेंद्र नाथ पांडे का 68वां जन्मदिन कार्यकर्ताओं ने हर्षोल्लास के साथ मनाया। जिलेभर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने केक काटकर और मिठाइयां बांटकर अपने नेता के प्रति सम्मान व्यक्त किया। सुबह से ही डॉ. पांडे के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि जनसाधारण का स्नेह ही उनकी असली ताकत है। इस अवसर पर भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी, अभिमन्यु सिंह, उमा शंकर सिंह, प्रदीप मौर्या सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।