ये हैं चंदौली की टॉप 10 बड़ी खबरें: सभी खबरों से 2 मिनट में हो जाएंगे अपडेट
बिजली विभाग की लापरवाही पर प्रशासन ने दिखाई सख्ती
नाले में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत
बलुआ पुलिस ने 900 लीटर शराब की खेप पकड़ी
शुभम पांडेय मारपीट प्रकरण में चार अभियुक्त गिरफ्तार
बिजली विभाग की लापरवाही पर एक्शन
चंदौली जिले में बिजली विभाग के दो अफसरों की लापरवाही पर एक्शन हुआ है। विद्युत वितरण खंड चंदौली में उपभोक्ताओं को समय पर बिजली कनेक्शन देने में आनाकानी करने पर पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ने बड़ी कार्रवाई की है। कई उपभोक्ताओं द्वारा ऑनलाइन झटपट पोर्टल पर आवेदन किया गया था। साथ ही निर्धारित शुल्क जमा कर दिया गया था। इसके बावजूद कनेक्शन नहीं दिया गया। इन गंभीर शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से उपखंड अधिकारी विवेक मोहन और अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार को सस्पेंड कर दिया है। मामले की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में विभागीय स्तर पर घोर लापरवाही की पुष्टि हुई है, जिस पर एक्शन लिया गया है।
नाले में डूबे दो मासूम बच्चे
चंदौली जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 2 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गयी। अलीनगर थाना क्षेत्र के रामपुर सरने गांव में एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की पानी में उस समय डूब गए, जब वे आंगनवाड़ी केन्द्र से वापस घर की ओर लौट रहे थे। घर लौटते समय रास्ते में नालियों के जरिए तेजी से बह रहे पानी में गिरकर डूब गए। दोनों बच्चों की पहचान 4 वर्षीय खुशबू और 2 साल के शिवांशु के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वरिष्ठ पत्रकार राकेश यादव का निधन
चंदौली जिले के पत्रकारिता जगत को गहरा आघात पहुंचा है। जिले के वरिष्ठ पत्रकार राकेश यादव का मंगलवार की भोर में बीमारी के कारण वाराणसी स्थित BHU अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। राकेश यादव लंबे समय से बीमार चल रहे थे। राकेश यादव नरसिंहपुर ग्रामसभा के जसौली गांव के निवासी थे। उन्होंने लगभग 20 से 25 वर्षों तक सक्रिय पत्रकारिता करते हुए जिले की सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाया। उनकी रिपोर्टिंग शैली, निष्पक्ष दृष्टिकोण और निर्भीक लेखन के कारण पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते थे।
900 लीटर शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
चंदौली पुलिस को शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। जिले की SOG टीम और थाना मुगलसराय पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक मिनी ट्रक से पंजाब से बिहार ले जाई जा रही 900 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई जा रही है। पंजाब राज्य से अवैध अंग्रेजी शराब लेकर एक मिनी ट्रक हाईवे से होते हुए टेंगरा मोड़ से बिहार की ओर जा रहा था। तभी इसे पकड़ा गया है।शातिर तस्करों ने शराब को ट्रक के बेसमेंट में छिपाकर रखा था, लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया।
ग्राम प्रधान बना फर्जी इंस्पेक्टर
चंदौली जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक ग्राम प्रधान ने खुद को इंस्पेक्टर अलीनगर बताकर लोगों को मोबाइल पर धमकाया। इस फर्जीवाड़े का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति अमोघपुर ग्राम का प्रधान सुनील चौहान है, जिसने बातचीत के दौरान खुद को अलीनगर थाने का प्रभारी बताकर लोगों पर दबाव बनाया और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो की जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला फर्जी पहचान बनाकर धमकी देने और सरकारी पद का दुरुपयोग करने से जुड़ा प्रतीत होता है। जांच पूरी होने के बाद मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी।
ओवरलोड डंपर पलटने से बड़ा हादसा
चंदौली जिले के चकिया थाना क्षेत्र के बरहुआं गांव में मंगलवार को ओवरलोड गिट्टी लदी डंपर पलटने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हादसे में चालक और खलासी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सोनभद्र से बिहार जा रहा डंपर (JH 02 S 9928) बरहुआं मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भेजा, जहां चालक की हालत नाजुक होने पर उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहाबगंज में पुराने पुल पर विरोध
चंदौली जिले के शहाबगंज में कर्मनाशा नदी पर बने पुराने पुल को बंद करने पहुंचे PWD कर्मचारियों का स्थानीय व्यापारियों ने जोरदार विरोध किया। व्यापारी पुल को क्षेत्र की जीवनरेखा बताते हुए बोले कि इसके बंद होने से व्यापार ठप हो जाएगा और लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित होगी। उनका कहना है कि पुल की केवल रेलिंग क्षतिग्रस्त है, संरचना सुरक्षित है, इसलिए मरम्मत कर पुनः चालू किया जाए। स्थिति बिगड़ती देख SHO अशोक कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और समझाकर स्थिति को शांत कराया। व्यापारियों ने प्रशासन से पुल को जल्द खोलने की मांग की है।
रेलवे लाइन से 600 लीटर शराब बरामद
चंदौली पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने भगवानपुर नहर के सामने रेलवे लाइन के पास से बिहार के औरंगाबाद निवासी संतोष कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 600 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसमें 60 पेटी देसी शराब और 5 पेटी बीयर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब को ट्रेनों के जरिये बिहार पहुंचाने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शुभम पांडेय मारपीट केस में चार गिरफ्तार
चंदौली पुलिस ने मारपीट के एक मामले में चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मझवार गांव निवासी शुभम पांडेय पर कुछ युवकों ने रेस्टोरेंट से निकलते समय हमला कर घायल कर दिया था। घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और अभिषेक सिंह, सौरभ सिंह, आलोक सिंह और गुड्डू यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों को पकड़ा। सभी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 294/25 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
बलुआ पुलिस ने असलहे के साथ युवक पकड़ा
चंदौली जिले की बलुआ पुलिस ने चेकिंग के दौरान अवैध असलहा और कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी अतुल कुमार के नेतृत्व में रईया मोड़ पर कार्रवाई के दौरान स्कार्पियो वाहन (UP62R0777) से कृष्णकांत उर्फ पुच्चू निवासी चक गुरेरा को पकड़ा गया। तलाशी में 315 बोर का अवैध असलहा, दो जिंदा कारतूस और मोबाइल बरामद हुआ। आरोपी ने बताया कि उसने असलहा बिहार के मुंगेर से खरीदा था। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वाहन सीज कर दिया है। आरोपी पर पहले से भी मारपीट का मामला दर्ज है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








