जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

ये हैं चंदौली की टॉप 10 बड़ी खबरें: सभी खबरों से 2 मिनट में हो जाएंगे अपडेट

स्वेता यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में भाग लिया और आम लोगों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को जरुरी निर्देश दिए।
 

टॉपर स्वेता यादव बनीं एक दिन की जिलाधिकारी

आंगनवाड़ी कार्यकर्ती पर पोषाहार बेचने का आरोप

मनोज सिंह डब्लू ने बेटियों की जिम्मेदारी उठाई

चकिया पुलिस ने पकड़ा 25 हजार का इनामी तस्कर

स्वेता बनीं चंदौली की सांकेतिक जिलाधिकारी

चंदौली जिले में  मिशन शक्ति फेज 5 के तहत महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से धानापुर के अमरवीर इंटर कॉलेज की टॉपर छात्रा स्वेता यादव को एक दिन के लिए चंदौली का सांकेतिक जिलाधिकारी बनाया गया।स्वेता यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में भाग लिया और आम लोगों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को जरुरी निर्देश दिए।  उन्होंने बिजली, पानी, भूमि विवाद जैसी जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। आपको बता दें कि स्वेता यादव ने साल 2023 में हाईस्कूल की परीक्षा में  96 और 2025 में इंटरमीडिएट में 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल की टॉपर बनी थीं।

आंगनवाड़ी पोषाहार बेचने का आरोप

चंदौली जिले के धानापुर विकासखंड के ग्रामसभा निदिलपुर में आंगनवाड़ी केन्द्र से बांटे जाने वाले सरकारी राशन को बेंचने का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की आंगनवाड़ी कार्यकर्ती छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को सरकार से मिलने वाले पोषाहार को एक व्यापारी को बेच रही थीं। यह मामला तब उजागर हुआ जब ग्रामीणों ने राशन ले जा रहे व्यापारी को को निदिलपुर गांव में ही रंगे हाथों पकड़ लिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की तस्वीर और वीडियो भी बनाया। इस संबंध में धानापुर के बाल विकास परियोजना अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। फिलहाल इसकी जांच कराई जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।  

विद्यालय में बच्चों ने सीखा लोकतंत्र

चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में कम्पोजिट विद्यालय जयमोहनी में शुक्रवार को विद्यालय का परिसर उस समय चुनावी माहौल में ढल गया जब कक्षा 6 के विद्यार्थियों ने प्रधान पद के चुनाव में प्रत्याशी बनकर लोकतंत्र की असली प्रक्रिया को जानने की कोशिश की।  कंपोजिट विद्यालय जयमोंहनी में शिक्षण को रुचिपूर्ण और अनुभवात्मक बनाने के उद्देश्य से सामाजिक विषय के पाठ पर एक चुनाव आधारित गतिविधि कराई गई, जिसमें बच्चों ने मतदान, मतगणना और परिणाम घोषणा तक की पूरी प्रक्रिया स्वयं भाग लेकर समझा और जाना। इस दौरान विद्यालय परिसर में लोकतांत्रिक मूल्यों की सजीव झलक देखने को मिली। चुनावी उत्साह, प्रचार, मतदाता सूची, वोटिंग और विजय जयकारों से विद्यालय का वातावरण लोकतंत्र के पर्व में बदल गया।

मनोज सिंह डब्लू ने उठाई बेटियों की जिम्मेदारी
चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू शुक्रवार को जसौली गांव के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने हाल ही में दिवंगत हुए वरिष्ठ पत्रकार राकेश चन्द्र यादव के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। मौके पर स्वर्गीय यादव के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मनोज सिंह डब्लू ने उनके पिता श्यामा प्रसाद यादव और परिवार के अन्य सदस्यों को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मनोज सिंह डब्लू ने शोकाकुल परिवार को सबसे बड़ी राहत देते हुए दिवंगत पत्रकार की दो बेटियों की जिम्मेदारी स्वयं उठाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वह परिवार की एक बेटी का कन्यादान कराने के साथ ही दूसरी बेटी को नौकरी दिलाने का दायित्व अब स्वयं उठाएंगे। यही राकेश यादव के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

चकिया पुलिस ने इनामी तस्कर दबोचा

चंदौली जिले की  चकिया पुलिस ने अंतरराज्यीय गौ-तस्करी गिरोह से जुड़े 25,000 रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। चकिया के थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे मुहम्मदाबाद नहर पुलिया के पास से वांछित अभियुक्त राहुल त्रिगुन को अरेस्ट किया। यह अपराधी बिहार का रहने वाला शातिर पशु व शराब तस्कर है। इसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा इसके ऊपर गैंगस्टर एक्ट व आबकारी अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं, जिसमें पुलिस तलाश कर रही थी।

ट्रैफिक नियम तोड़ने पर चला जुर्माना अभियान

चंदौली जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर शुक्रवार को चलाए गए सघन चेकिंग अभियान में कुल 365 वाहनों का चालान किया गया, जिससे ₹4.29 लाख का जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान 189 बिना हेलमेट, 81 नो-पार्किंग, और 19 ट्रिपल राइडिंग वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट और नशे की हालत में वाहन न चलाने की सलाह दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जन सुरक्षा के लिए यह अभियान जिलेभर में निरंतर जारी रहेगा।

इलिया में महिला से दुष्कर्म का मामला

चंदौली जिले के इलिया थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। मध्यप्रदेश निवासी 28 वर्षीय पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक युवक उसे बहला-फुसलाकर 24 सितंबर को थाना से मात्र 200 मीटर दूर स्थित एक लान में ले गया, जहाँ उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। पीड़िता शुक्रवार को महिला थाने पहुंची और तहरीर दी। पुलिस ने लान मालिक प्रकाश पांडेय उर्फ अमेरिकन पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे पकड़ने के लिए दबिश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी फरार है और शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

अग्निशमन कार्यालय में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

चंदौली जिले के मुगलसराय स्थित अग्निशमन विभाग में शुक्रवार को विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने वहां तैनात सिपाही राजकमल को ₹30,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता सोनभद्र निवासी नीरज यादव ने बताया कि उसने अस्पताल खोलने के लिए एनओसी आवेदन किया था, जिसके बदले आरोपी ने ₹4 लाख की मांग की थी। बार-बार आवेदन खारिज होने के बाद उसने विजिलेंस से शिकायत की। तय योजना के तहत टीम ने ₹30,000 की रिश्वत लेते ही आरोपी को पकड़ लिया। नोटों पर रासायनिक निशान भी मिले हैं। जिला अग्निशमन अधिकारी ने सफाई दी कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं थी। विजिलेंस अब आगे की जांच में जुटी है।

भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह सम्पन्न

चंदौली जिले के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मान में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सुशील सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। विधायक ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के सम्मान पर निर्भर करती है, इसलिए सभी को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे केवल जनता को गुमराह कर रहे हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा नेता, मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। विधायक ने सभी को आगामी चुनाव में मजबूती से भाजपा को विजयी बनाने का आह्वान किया।

ऑपरेशन मजनूं में तीन मनचले गिरफ्तार

चंदौली जिले में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन मजनूं” अभियान में पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की है। बलुआ थाना क्षेत्र से 19 वर्षीय राहुल को गिरफ्तार किया गया, जो लड़कियों को देखकर अश्लील गाने गाता था। वहीं, सकलडीहा पुलिस ने कॉलेज परिसर और मंदिर मार्ग पर महिलाओं से फब्तियां कसने वाले दो आरोपियों हाशीम अली और नसीम अली को पकड़ा। तीनों के खिलाफ धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि जनपद में महिलाओं को भयमुक्त वातावरण मिल सके।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*