जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

ये हैं चंदौली की टॉप 10 बड़ी खबरें: सभी खबरों से 2 मिनट में हो जाएंगे अपडेट

डीडीयू रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त चेकिंग के दौरान हड़कंप मच गया। देर रात एक संदिग्ध व्यक्ति के बैग से लगभग 16 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
 

डीडीयू स्टेशन पर आरपीएफ-जीआरपी की बड़ी कार्रवाई

मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू

गांजा तस्करी मामले में नया खुलासा हुआ

1. देव दीपावली बलुआ घाट पर भव्य आयोजन

कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर चहनियां के बलुआ घाट पर भव्य देव दीपावली मनाई गई। मां भागीरथी के पश्चिम वाहिनी तट को 21 हजार दीपकों से दुल्हन की तरह सजाया गया। घाट की स्वर्णिम रोशनी देखते ही बन रही थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर महेंद्र नाथ पाण्डेय ने दीपदान कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गंगा सेवा समिति की शानदार तैयारियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने इस दीपोत्सव को यादगार बना दिया।

2. डीडीयू रेलवे स्टेशन पर बड़ी नकदी बरामदगी

डीडीयू रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त चेकिंग के दौरान हड़कंप मच गया। देर रात एक संदिग्ध व्यक्ति के बैग से लगभग 16 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। यह व्यक्ति बिहार के आरा से वाराणसी जा रहा था, लेकिन वह इस भारी-भरकम रकम के स्रोत और वैध कागजात नहीं दिखा सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर नकदी को जब्त कर लिया है और रकम के मालिक से पूछताछ जारी है।

3. धानापुर क्षेत्र में गंगा कटान से प्रभावित गांव

चंदौली के धानापुर क्षेत्र में गंगा कटान ने एक बार फिर विकराल रूप ले लिया है। नौघरा, बुद्धपुर सहित पांच गांव सीधे गंगा की धारा की चपेट में हैं। कभी तीन किलोमीटर दूर बहने वाली गंगा अब नौघरा से महज 50 मीटर दूर रह गई है। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने प्रभावित गांवों का दौरा कर सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के चलते बोल्डर बह गए, जिससे अब पूरा गांव खतरे में है।

4. कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर आस्था सैलाब

कार्तिक पूर्णिमा के पवित्र पर्व पर, बुधवार तड़के से ही चंदौली के गंगा घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। नरौली, डम्हारी, गुरैनी जैसे प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने पवित्र गंगा में स्नान कर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की और दीपदान किया। आचार्य पंडित रमेश द्विवेदी ने बताया कि हिंदू धर्म में इस दिन स्नान और दान का विशेष महत्व है।

5. पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता सूची में गड़बड़ी

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच, राज्य निर्वाचन आयोग की समीक्षा में चंदौली की मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। जिले की 734 ग्राम पंचायतों में करीब 3 लाख 11 हजार संदिग्ध या डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं। आयोग ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए 24 नवंबर तक विशेष अभियान चलाकर इन सभी नामों को सूची से हटाने का निर्देश दिया है। बीएलओ की टीमें घर-घर जाकर सत्यापन कर रही हैं।

6. चंदौली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान

चंदौली जिले की सभी विधानसभा सीटों पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर अभियान की शुरुआत हो गई है। 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत, बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य हर पात्र नागरिक को सूची में शामिल करना और सभी त्रुटियों को दूर करना है। एसडीएम ने ब्लॉक स्तर पर अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

7. गांजा तस्करी में इस्तेमाल वाहन का नंबर विवादित

चंदौली में 27 अक्टूबर को सामने आए 52 किलो गांजा तस्करी प्रकरण ने एक नया मोड़ ले लिया है। तस्करी में इस्तेमाल वाहन का नंबर, मध्य प्रदेश के कटनी निवासी व्यापारी नाजिम खान की बीएमडब्ल्यू कार का निकला है। व्यापारी नाजिम खान ने इसे षड्यंत्र बताते हुए राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पुलिस ने गाजीपुर निवासी चांद बाबू की पूछताछ के आधार पर नाजिम खान के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।

8. रेवसा नहर से अज्ञात युवक का शव बरामद

चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेवसा नहर में एक 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। शव के पास से आरी, तौलिया और एक इंजेक्शन की शीशी भी बरामद हुई है। शौच के लिए गए ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला। आस-पास के सैकड़ों ग्रामीणों ने पहचान का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त और मामले की जांच शुरू कर दी है।

9. चकिया में बाइक दुर्घटना में एक की मौत

चकिया कोतवाली क्षेत्र के चंद्रप्रभा रेंज स्थित जिलेबिया मोड़ पर देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो स्प्लेंडर बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में प्रतापगढ़ निवासी शिक्षक मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। मनीष कुमार अपने साथियों के साथ पर्यटन स्थल से लौट रहे थे। इस टक्कर में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल चकिया संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

10. शहाबगंज में हास्य-कवि सम्मेलन का आयोजन

शहाबगंज विकास खण्ड कार्यालय परिसर में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तत्वाधान में अखिल भारतीय हास्य-कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में हास्य, व्यंग्य और श्रृंगार की रचनाओं पर श्रोता भोर तक लोटपोट होते रहे। उन्नाव के कवि स्वयं श्रीवास्तव की कविता सरकार पर युवाओं ने जमकर तालियां बजायीं। साथ ही कई अन्य कवियों ने भी जमकर वाहवाही लूटी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*